श्रावणी तीज पर तीज माता की निकली सवारी,

श्रावणी तीज पर कुछ देर के लिए सुबह बरसे मेघ मेले में उमडे लोग
निवाई (न्यूज़ अपना टोंक) – शनिवार को निवाई शहर में श्रावणी तीज का त्यौंहार परम्परागत तरीके के साथ धूम धाम के साथ मनाया गया। शनिवार की सुबह तीज के त्यौहार पर इन्द्र देव ने भी बरसात कर लोगों में उमंग पैदा कर दी। शहर में हर ओर महिलाएं अलग-अलग रंगों व लहरिया पहने हुए दिखाई दी। श्रावणी तीज के पावन पर्व पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लम्बी उम्र की कामना को लेकर व्रत रखा तथा कहानी सुनी। महिलाओं ने तीज माता को घेवरों का भोग लगाया। इस त्यौहार को लेकर शहर में नगरपालिका मंडल के तत्वावधान में तीज माता की सवारी निकाली गई। बस स्टेण्ड स्थित पुराने नगरपालिका भवन से तीज माता की सवारी को नगरपालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी के साथ निवाई पीपलू विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय उम्मीदवार मास्टर मदन लाल वर्मा ने पूजा अर्चना कर परंपरागत रीति रिवाज से रवाना किया। तीज माता की सवारी बैण्डबाजे के साथ शहर के मुख्य मार्गो से होकर मेला स्थल पहाडी चुंगी नाका पहुंची। मेला स्थल पर झूले-चकरी, डोलरहिन्दा आदि का लोगों ने खूब आनन्द लिया। मेला स्थल पर खिलौनों, घरेलू सामान व खादय सामग्री की दुकाने सजी हुई थी जिन पर महिलाएं खरीदारी करने में जुटी रही। खाने-पीने की दुकानों पर भी लोगों की खासी भीड लगी रही। शाम को मेला स्थल से तीज माता की सवारी वापस रवाना होकर पुराने नगरपालिका भवन पहुंचकर विसर्जित हो गई।